Ateli News | लावण्या ने जीता सिल्वर मेडल : अंडर-14 ट्राईथलॉन में शानदार प्रदर्शन | स्टेट चैंपियनशिप में दूसरा स्थान

करनाल के करण स्टेडियम में आयोजित 11वीं हरियाणा स्टेट ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अटेली क्षेत्र की खिलाड़ी लावण्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है। इस उपलब्धि के साथ लावण्या ने आगामी नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
एथलेटिक्स हरियाणा की ओर से 29 और 30 अगस्त को आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रेजांगला स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी लावण्या पुत्री अशोक कुमार निवासी तोबड़ा ने अंडर-14 आयु वर्ग की ट्राईथलॉन-सी स्पर्धा में भाग लिया।
प्रतियोगिता में लावण्या ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के साथ ही उनका चयन नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हो गया है।
लावण्या की उपलब्धि के बाद रेजांगला स्पोर्ट्स एकेडमी में खुशी का माहौल है। एकेडमी प्रबंधन ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
एकेडमी के अनुसार लावण्या की तैयारी में कोच ललित डाबड़ और दिग्विजय लाठर का विशेष योगदान रहा है। दोनों कोच लगातार खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए प्रशिक्षण दे रहे हैं।
एकेडमी प्रबंधन का कहना है कि यहां प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। लावण्या के राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने और नॉर्थ जोन के लिए क्वालीफाई करने पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने भी खुशी जताई है।
अब लावण्या आगामी नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। एकेडमी को उनसे वहां भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।



