Ateli News | रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए लगवाई बेंच : दोनों प्लेटफार्म पर मिली सुविधा | समाजसेवियों ने किया सहयोग

मंडी अटेली। अटेली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्थानीय समाजसेवियों ने प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर बेंच लगवाई हैं। विशेष रूप से प्लेटफार्म के आगे और पीछे के हिस्सों में यात्रियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण यह पहल की गई है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रेरक रिटायर्ड प्रवक्ता विजय शर्मा ने बताया कि कई ट्रेनों के सामान्य डिब्बे आगे और पीछे की तरफ होते हैं। रुणिचा, चेतक और टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस जैसी लंबी ट्रेनों के यात्रियों को प्लेटफार्म के इन हिस्सों में बैठने के लिए बेंच नहीं मिलने से परेशानी होती थी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए अटेली के समाजसेवियों ने प्रवक्ता विजय भारद्वाज की प्रेरणा से रेलवे स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर बेंच लगवाने का निर्णय लिया। समाजसेवियों ने अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह और परिजनों की स्मृति में बेंच उपलब्ध करवाई हैं।
प्रवक्ता विजय भारद्वाज ने बताया कि समाजसेवी राजेंद्र कुमार ने अपने पिता स्वर्गीय शिम्भूराम मिस्त्री पृथ्वीपुरा की स्मृति में बेंच लगवाई। मदन मास्टर ने अपनी धर्मपत्नी कौशल की स्मृति में और रामशरण सिंघल ने स्वर्गीय शादिराम सिंघल की स्मृति में इस कार्य में सहयोग किया।
इसी तरह रवि कुमार उर्फ गोलियां कारोता वाले और गौरव अग्रवाल कारोता वाले ने अपने जन्मदिन के अवसर पर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बेंच लगवाई। समाजसेवियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के सामाजिक कार्य किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर सहयोग करने वाले दानदाताओं को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रवक्ता विजय भारद्वाज, पार्षद वीरेंद्र कुमार, रवि टेलर्स, पार्षद डिंपी गुप्ता, पार्षद अरुण गुप्ता, ऋषिराज फौजी, पूरणमल फौजी वैद्य और हनुमान मास्टर सहित अन्य लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए सहयोगियों का आभार जताया।
स्थानीय समाजसेवियों की इस पहल से अटेली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को दोनों प्लेटफार्म पर बैठने की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
Editor: नितिन यादव



