Ateli News | 26 अक्टूबर को रोहतक में होगी महापंचायत : गांवों में चला जनसंपर्क अभियान | लोगों को दिया न्यौता

किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 26 अक्टूबर को रोहतक के नांदल भवन, बोहर में प्रदेश स्तरीय किसान-मजदूर-छात्र-युवा-महिला महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर अटेली मंडी क्षेत्र के ताजपुर, फतेहपुर और तोबड़ा गांव में जन जागृति एवं जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को महापंचायत में शामिल होने का न्यौता दिया गया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान आयोजित सभाओं को ओमप्रकाश, ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह व छाजूराम रावत, श्रमिक संगठन एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह और बिजली उपभोक्ता मंच के जिला प्रधान डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि महापंचायत में महंगाई और बेरोजगारी, किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य, सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद, किसान-मजदूरों की कर्ज संबंधी समस्याओं और फसल खराबे के मुआवजे सहित विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके अलावा सिंचाई व्यवस्था, बिजली निजीकरण, स्मार्ट मीटर, पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम, खाद-बीज की कीमत और सरकारी विभागों में खाली पदों पर स्थायी भर्ती जैसे विषयों को भी महापंचायत में रखा जाएगा।
संगठनों की ओर से वृद्धावस्था पेंशन 10 हजार रुपये करने, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये करने, मनरेगा के तहत सालभर काम और 700 रुपये दिहाड़ी देने सहित कई मांगें रखी गई हैं। महिलाओं की सुरक्षा और जनतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी महापंचायत के एजेंडे में शामिल करने की बात कही गई।
डॉ. व्रतपाल सिंह ने भारत-अमेरिका से जुड़े व्यापारिक समझौतों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि कृषि उत्पादों के आयात से देश के किसानों और पशुपालकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कृषि क्षेत्र से जुड़े समझौतों और नीतियों पर पुनर्विचार की मांग की।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब ने बिजली क्षेत्र के निजीकरण और प्रीपेड स्मार्ट मीटर का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बिजली एक जनउपयोगी सेवा है और इसे सार्वजनिक व्यवस्था के तहत ही रखा जाना चाहिए। मास्टर सुबे सिंह ने सरकारी विभागों के निजीकरण और मनरेगा को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
वक्ताओं ने बताया कि महापंचायत से पहले विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा और लोगों को इसमें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। अभियान के दौरान ग्रामीणों के सामने महापंचायत में उठाए जाने वाले मुद्दों और मांगों की जानकारी भी रखी गई।
इस अवसर पर महावीर, संतलाल, लक्ष्मीनारायण, देवदत्त शर्मा, रोहतास, अशोक कुमार, महेंद्र, वेदप्रकाश, रामपाल, रामनिवास, राजकुमार, राकेश, सत्यनारायण, बाबूलाल, रामसिंह, रोशन लाल पंच, जगमाल सिंह, जगदीश, हरस्वरूप, ओमप्रकाश, सुनील, हरद्वारीलाल, रामकिशन, महिपाल सिंह खरब, कैप्टन विजय सिंह, कैप्टन श्रीकृष्ण तोबड़ा, विजेंद्र सिंह चेयरमैन और प्रकाश खरब सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



