ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ : खिलाड़ियों ने दिखाई खेल भावना | चार दिन तक होंगे विभिन्न मुकाबले

खंड अटेली के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बीच आयोजित चार दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को बीआर स्कूल बाछौद में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश कौशिक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा मार्चपास्ट की सलामी लेकर किया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के छात्र भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो के अलावा एथलेटिक्स की दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता प्रभारी जितेंद्र यादव (डीपीई) ने बताया कि अंडर-19 वर्ग में 16, अंडर-17 वर्ग में 15 तथा अंडर-14 वर्ग में 9 टीमें भाग ले रही हैं। बालक वर्ग के मुकाबले 20 और 21 जुलाई को जबकि बालिका वर्ग के मुकाबले 22 और 23 जुलाई को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों के बाद अंडर-19 वर्ग में आरएमएस राता, आरपीएस सुराणा, बीकेएन सीहमा और एलकेपीएस सीहमा की टीमों ने सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
उद्घाटन समारोह में सहायक शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह, सरताज सिंह, सुभाष सोनी, परमजीत सिंह सहित ब्लॉक के अनेक अध्यापक एवं शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।


