सरकारी स्कूल की बेटी ने पास की नीट : पहले प्रयास में मिली सफलता | फतेहपुर की हिमांशी बनी प्रेरणा

फतेहपुर की बेटी हिमांशी शर्मा ने मेहनत और लगन के दम पर साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह नहीं रोक सकते। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली और सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली हिमांशी ने NEET (UG) 2026 परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
हिमांशी के पिता पवन कुमार गांव में एक छोटी दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। हिमांशी ने हाल ही में पीएम श्री राजकीय विद्यालय से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वह ईडब्ल्यूएस (EWS) श्रेणी से आती हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार हिमांशी ने 720 में से 541 अंक, 97.73 पर्सेंटाइल और ऑल इंडिया रैंक 45104 हासिल की है। इसके अलावा उन्होंने IISER IAT-2026 परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कॉमन रैंक 13319 तथा EWS श्रेणी में 1092वीं रैंक प्राप्त की है।
अपनी सफलता पर हिमांशी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपनी छोटी-सी दुकान से होने वाली आय का अधिकांश हिस्सा उनकी पढ़ाई पर खर्च किया, जबकि शिक्षकों ने लगातार मार्गदर्शन और मेहनत कर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उनका सपना डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
हिमांशी की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी कुसुम लता और सरपंच सीमा यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



