कनीना में हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस : विधायक कंवर सिंह यादव ने किया ध्वजारोहण | शहीदों को किया नमन | उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

पितामह कान्ह सिंह राजकीय महाविद्यालय कनीना में उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और शहीदों को नमन किया। पूर्व विधायक सीताराम यादव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की संस्कृति, शहीदों के बलिदान और राष्ट्रप्रेम की झलक देखने को मिली।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि देश की आजादी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने कहा कि हमें शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

विधायक ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और हरियाणा में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह, तहसीलदार पायल यादव, नगर पालिका चेयरपर्सन डॉ. रिंपी कुमारी, पार्षद दीपक, चौधरी मुकेश नंबरदार सहित अन्य पार्षद, पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



