Kanina News | जन्माष्टमी पर सजे मंदिर : सुबह से उमड़े श्रद्धालु | रात 12 बजे बंटेगा प्रसाद
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कनीना में श्री श्याम मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मंदिरों में माथा टेककर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्री श्याम मंदिर कनीना में जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित झांकियां सजाई गई हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में मंदिर पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

जन्माष्टमी पर महिलाओं और पुरुषों ने व्रत रखा। श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने अपने परिवार, क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि के लिए भगवान से मंगल कामना की है। व्रत रखने वाले श्रद्धालु मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और प्रसाद ग्रहण करने के बाद अपना व्रत खोलेंगे।

श्री श्याम मंदिर के पुजारी प्रदीप शास्त्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की ओर से दिखाए गए मार्ग और गीता में दिए गए संदेश को जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रात 9:15 बजे से श्री श्याम मंदिर में जागरण शुरू होगा। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने के बाद 56 भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।

कनीना के अन्य मंदिरों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई है। सुबह से पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और धार्मिक कार्यक्रमों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
Editor: शिवानी राजपूत



