Mahendergarh News | ITI में दाखिले का आज अंतिम मौका : 7 सितंबर तक ऑन स्पॉट एडमिशन | रिक्त सीटों पर मिलेगा प्रवेश

हरियाणा में आईटीआई के सत्र 2026-27 की दाखिला प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में एनसीवीटी के तहत रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए 7 सितंबर 2026 अंतिम तिथि है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय तक दाखिला पोर्टल पर नया आवेदन भी कर सकते हैं।
एमडीएस औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जाटवास के निदेशक गोपाल शर्मा एडवोकेट ने बताया कि 7 सितंबर को संस्थान स्तर पर रिक्त सीटों के लिए ऑन द स्पॉट एडमिशन किया जाएगा। नए आवेदन भी 7 सितंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। दाखिले के लिए नए और पुराने आवेदनों की संयुक्त मेरिट तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को जिस संस्थान में दाखिला लेना है, वहां दोपहर 12:30 बजे तक अपना मेरिट कार्ड जमा करवाना होगा। अभ्यर्थी को सभी मूल प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं संस्थान में उपस्थित होना होगा। चयन होने की स्थिति में दाखिला फीस ऑनलाइन जमा करानी होगी।
मेरिट कार्ड दाखिला पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। संस्थानवार रिक्त सीटों की जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को दाखिले से पहले संबंधित संस्थान और ट्रेड में उपलब्ध सीटों की स्थिति देखने की सलाह दी गई है।
गोपाल शर्मा के अनुसार आवेदन और दाखिले के लिए अभ्यर्थियों को परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, योग्यता प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, लागू होने की स्थिति में जाति एवं आय प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
वेल्डर ट्रेड में दाखिले के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास बताई गई है, जबकि इलेक्ट्रीशियन, फिटर और हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टर सहित अन्य संबंधित ट्रेडों के लिए दसवीं पास योग्यता निर्धारित है।
जाटवास मोड़ पर चामधेड़ा रोड स्थित एमडीएस आईटीआई में चार ट्रेडों की कुल 208 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। संस्थान के अनुसार इनमें इलेक्ट्रीशियन की 100, हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टर की 48, वेल्डर की 40 और फिटर की 20 सीटें शामिल हैं।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि दाखिले निर्धारित नियमों और विभागीय शेड्यूल के अनुसार किए जाएंगे। सत्र 2026-27 की दाखिला विवरणिका में निर्धारित अन्य नियम और शर्तें भी लागू रहेंगी।
Editor: शिवानी राजपूत



