Mahendragarh News | भव्य कलश यात्रा से भागवत ज्ञानोत्सव शुरू : 500 महिलाओं ने उठाए कलश | शहर में निकली शोभायात्रा

श्री गीता विज्ञान प्रचार समिति महेंद्रगढ़ की ओर से शहर की प्राचीन श्री रामलीला परिषद के प्रांगण में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञानोत्सव का शुभारंभ रविवार 13 सितंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कलश यात्रा में शहर की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्री गीता विज्ञान प्रचार समिति के प्रधान मुकेश मेहता एवं नीशू मेहता सपरिवार रहे। दोनों ने श्रीमद् भागवत ग्रंथ को सिर पर रखकर पैदल कलश यात्रा में हिस्सा लिया। इससे पहले आचार्य विनोद ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया।
कलश यात्रा की शुरुआत श्री रामलीला परिषद प्रांगण स्थित संतोषी माता मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और वापस श्री रामलीला परिषद स्थित कथा स्थल पर पहुंची।

कलश यात्रा में करीब 500 महिलाएं सिर पर कलश उठाकर शामिल हुईं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर श्रद्धालु श्रीकृष्ण भक्ति में झूमते हुए यात्रा में आगे बढ़े। यात्रा के दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे भी मौजूद रहे।
तपोभूमि हरिद्वार से पहुंचे महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज घोड़ा-बग्गी में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उनके साथ सत्य-स्वरूप महाराज, मुनीराम जी, अवधेश बाबा, हरकेश ब्रह्मचारी और मटरू भैया भी बग्गी में मौजूद रहे।
शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों की ओर से कलश यात्रा का स्वागत किया गया। कई जगह पुष्प वर्षा की गई और फूलों की मालाएं पहनाकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। यात्रा में शामिल लोगों के लिए ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।

समिति के प्रधान मुकेश मेहता ने बताया कि श्री रामलीला परिषद में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 13 सितंबर से 19 सितंबर तक किया जाएगा। कथा के दौरान महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज व्यासगद्दी पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराएंगे।
उन्होंने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगी। श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञानोत्सव का समापन 20 सितंबर को प्रातः 8:15 बजे हवन-पूजन एवं गुरु पूजा के साथ किया जाएगा।

कलश यात्रा के साथ शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन में शहर के लोगों में उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों के अनुसार सप्ताहभर चलने वाली कथा में श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



