अटेली |दौंगड़ा अहीर को मिला राजकीय नर्सिंग कॉलेज : ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर मनाया जश् | स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का जताया आभार
अटेली
दौंगड़ा अहीर में राजकीय नर्सिंग कॉलेज की स्थापना को सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। फैसले की जानकारी मिलते ही दौंगड़ा अहीर सहित आसपास के 10 से 15 गांवों के ग्रामीण गांव के मुख्य चौक पर एकत्र हुए और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। ग्रामीणों ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने चुनाव के बाद किया अपना वादा निभाया है।
ग्रामीणों ने कहा कि दौंगड़ा अहीर क्षेत्र का प्रमुख गांव है, जहां प्रतिदिन आसपास के अनेक गांवों के लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में यहां नर्सिंग कॉलेज बनने से मुंडिया खेड़ा, कलवाड़ी, अटाली, भालखी, बेवल, सुंदरह, सिलारपुर, झिगावन, भांडोर समेत आसपास के 10-15 गांवों के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से ग्रामीण बेटियों को अब नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर मिलेंगे। 
ग्रामीणों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद गांव के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से नर्सिंग कॉलेज की मांग रखी थी। उस समय मंत्री ने मांग पूरी करने का भरोसा दिलाया था। अब सरकार द्वारा मंजूरी मिलने के बाद उन्होंने अपना वादा पूरा कर दिखाया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
ग्रामीणों ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज बनने से केवल चिकित्सा शिक्षा को ही बढ़ावा नहीं मिलेगा, बल्कि भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा भी मजबूत होगा। इससे क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी तथा दक्षिण हरियाणा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दौंगड़ा अहीर में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण बेटियों के लिए चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे और वे आर्थिक व सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा भी मजबूत होगा, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा और पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।



