रेवाड़ी | सड़क धंसने से अनियंत्रित हुई निजी बस पेड़ से टकराई : पूर्व सैनिक की मौत | 11 यात्री घायल
रेवाड़ी
रेवाड़ी | कोसली आ रही यात्रियों से भरी एक निजी बस कोसली-टूमना रोड पर सड़क धंसने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बालधन गांव निवासी 87 वर्षीय पूर्व सैनिक दीपचंद की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कोसली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जाहिदपुर-भूरथला मार्ग पर सड़क के नीचे पानी की पाइपलाइन दबाई गई थी, जिसके ऊपर लैंटर डालकर सड़क बनाई गई थी। जैसे ही करीब 30 यात्रियों से भरी बस वहां से गुजरी, बस का पहिया लैंटर में धंस गया। इसके बाद नीचे से पानी निकलने लगा और चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में जान गंवाने वाले दीपचंद भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक थे। घायल यात्रियों में रेवाड़ी निवासी शिवम, रामपुरी निवासी प्रहलाद, बालधन खुर्द निवासी दीपक, राजस्थान निवासी अनुष्का, सुरहेली निवासी बस्तीराम, बेरली खुर्द निवासी अधिवक्ता सावंत, नयागांव निवासी धर्मपाल और बीरमती, टूमना निवासी कोमल, मनीषा तथा राजाराम शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य और पाइपलाइन डालने के दौरान बरती गई गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में लापरवाही की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



