Narnaul News | छात्रों की मांग पर कॉलेज पहुंचे विधायक ओम प्रकाश यादव : आश्वासन के बाद धरना समाप्त | 25 हजार प्रशिक्षण भत्ते की मांग
नारनौल। बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्रशिक्षण भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शनिवार को विधायक ओम प्रकाश यादव के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। छात्रों के धरने की जानकारी मिलने पर नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव कॉलेज पहुंचे और धरने पर बैठे विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव भी मौजूद रहे।
छात्रों ने विधायक के सामने प्रशिक्षण अवधि के दौरान मिलने वाले भत्ते को बढ़ाने की मांग रखी। विद्यार्थियों के अनुसार वर्तमान में उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि अन्य स्थानों पर प्रशिक्षण भत्ते की राशि 20 से 25 हजार रुपये और कुछ जगहों पर करीब 30 हजार रुपये तक है।

छात्रों ने हरियाणा में एमबीबीएस विद्यार्थियों को करीब 24 हजार रुपये प्रशिक्षण भत्ता मिलने का हवाला देते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सा के विद्यार्थियों के प्रशिक्षण भत्ते में भी उचित बढ़ोतरी की मांग की। विद्यार्थियों की मुख्य मांग है कि प्रशिक्षण भत्ते को बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए।
धरने पर बैठे छात्रों का कहना था कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान उन्हें अस्पताल से जुड़ी जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। इसके बावजूद उन्हें लंबे समय से 10 हजार रुपये प्रतिमाह ही प्रशिक्षण भत्ता मिल रहा है। छात्रों ने मौजूदा महंगाई को देखते हुए इस राशि को कम बताते हुए सरकार से भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की थी।

छात्रों ने अपनी मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन को मांग पत्र भी सौंपा था। इसके बाद दो दिन तक धरना जारी रहा। छात्रों की मांग थी कि प्रशिक्षण भत्ते को लेकर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई की जाए और उन्हें इस संबंध में स्पष्ट आश्वासन दिया जाए।
विधायक ओम प्रकाश यादव को जब छात्रों के धरने की जानकारी मिली तो वह तुरंत कॉलेज पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की और उनकी पूरी समस्या सुनी। विधायक ने छात्रों से उनकी मांगों से संबंधित विधिवत पत्र देने को कहा, ताकि मामले को सरकार के उचित स्तर पर रखा जा सके।

विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि आयुर्वेदिक कॉलेज के छात्र धरने पर बैठे हैं। इसके बाद वह छात्रों की आवाज सुनने के लिए कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्या को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान में लाया जाएगा तथा उनकी मांग को पूरा करवाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव ने भी विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी मांग को सुना। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांग पर जल्द संज्ञान लेने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ओम प्रकाश यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव की ओर से मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने दो दिन से चल रहा धरना समाप्त कर दिया। छात्रों ने विधायक और जिला अध्यक्ष का धन्यवाद किया। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण भत्ते को 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की उनकी मांग पर सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।
Editor: नितिन यादव



