Narnaul News | अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार : देशी कट्टा बरामद | स्विफ्ट कार भी कब्जे में

अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद करने के साथ स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लिया है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम नांगतिहाड़ी बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली कि हमीदपुर निवासी सौरव एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में हमीदपुर से नारनौल की तरफ आ रहा है और उसके पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महात्मा ज्योतिबा फुले चौक पर नाकाबंदी की।
पुलिस का कहना है कि कुछ समय बाद एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। टीम ने कार को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वहां से निकलने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने कार चालक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सौरव निवासी हमीदपुर बताया।
पुलिस के मुताबिक कार की तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी से हथियार से संबंधित लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने हथियार और स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर नारनौल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपी से बरामद हथियार के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



