Bhiwani News | SSB जवान सोनू कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई : ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन | गार्ड ऑफ ऑनर दिया
जिले के गांव नांगल निवासी और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 43वीं बटालियन में तैनात जवान सोनू कुमार का ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार को उनकी पार्थिव देह पैतृक गांव नांगल पहुंची तो पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। गांव के श्मशान घाट में राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
एसएसबी के सब इंस्पेक्टर हमीर सिंह ने बताया कि सोनू कुमार बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से सोनू कुमार का निधन हो गया। उनके निधन से एसएसबी परिवार में भी शोक है।

हमीर सिंह के अनुसार एसएसबी इस दुख की घड़ी में सोनू कुमार के परिवार के साथ है। विभागीय नियमों के तहत परिवार को मिलने वाली पेंशन और अन्य अनुग्रह सुविधाओं की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से अंतिम संस्कार में पहुंचे भिवानी के तहसीलदार जयवीर सिंह ने बताया कि सोनू कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नियमों के तहत परिवार के लिए जो भी सहायता और सुविधाएं बनती हैं, आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें उपलब्ध करवाया जाएगा।

सोनू कुमार के मामा प्रीतम सिंह के अनुसार सोनू वर्ष 2012 में एसएसबी में भर्ती हुए थे और करीब 14 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने बताया कि सोनू परिवार में कमाने वाले प्रमुख सदस्य थे। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, तीन भाई और पांच साल का बेटा है। उनके निधन के बाद परिवार ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
अंतिम संस्कार में पहुंचे भिवानी विधायक के बेटे अमन सर्राफ ने भी सोनू कुमार को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परिवार को सरकार के नियमों के तहत मिलने वाली सहायता और अन्य सुविधाओं के संबंध में वह मुख्यमंत्री के समक्ष भी बात रखेंगे।

सोनू कुमार की अंतिम यात्रा और अंतिम संस्कार में गांव नांगल के साथ आसपास के क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान एसएसबी के जवानों और प्रशासन की ओर से पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।



