Faridabad News | साइबर ठगी के दो मामलों में 4 गिरफ्तार : निवेश के नाम पर ठगी | धमकी देकर ₹10.23 लाख वसूले

फरीदाबाद। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन एवं रिसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर ठगी का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में निजी फोटो-वीडियो वायरल करने और पुलिस अधिकारी बनकर गिरफ्तारी की धमकी देकर 10.23 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-7डी बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन से संबंधित विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क होने के बाद उसे एक रिसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का दावा किया गया। शिकायतकर्ता ने इस पर एक लाख रुपये निवेश कर दिए।

बाद में शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह राशि नहीं निकाल सका। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक इस मामले में राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी संदीप कुमार और अमित को गिरफ्तार किया गया है। जांच में संबंधित बैंक खाते और उसमें आई रकम को लेकर दोनों की भूमिका सामने आने का दावा किया गया है। इससे पहले मामले में एक अन्य आरोपी आशीष को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। संदीप और अमित को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
दूसरा मामला सेक्टर-7ई फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति की व्हाट्सऐप कॉल आई और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपये मांगे गए।
आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने वाले लोगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर शिकायतकर्ता को गिरफ्तारी और बदनामी की धमकी दी। शिकायतकर्ता से अलग-अलग बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए कुल 10,23,198 रुपये ठगे जाने का आरोप है।
साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इस मामले में रेवाड़ी जिले के गांव जीवड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपु को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच में उसके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 1.42 लाख रुपये आने की बात सामने आई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Editor: न्यूज़ डेस्क



