Faridabad News | फोन हैक कर ₹1.13 लाख की ठगी : राजस्थान से 3 आरोपी गिरफ्तार | 4 दिन के रिमांड पर

सेक्टर-3 बल्लभगढ़ निवासी महिला का फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 13 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के नागौर निवासी ईश्वर दास (24), दिनेश (24) और जोधपुर निवासी दिनेश (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 3 सितंबर को नागौर और जोधपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-3 बल्लभगढ़ निवासी महिला ने शिकायत में बताया था कि 24 जुलाई को उसका फोन अचानक हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 1 लाख 13 हजार रुपये निकल गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में ठगी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते को अलग-अलग लोगों के माध्यम से आगे पहुंचाया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ईश्वर ने मनोज नामक खाताधारक का बैंक खाता लेकर दिनेश को उपलब्ध कराया था। बाद में इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किए जाने की बात जांच में सामने आई।

पुलिस के मुताबिक तीनों गिरफ्तार आरोपी 12वीं तक पढ़े हैं। इस मामले में खाताधारक मनोज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



