Nuh News | 13 एकड़ में बसी 3 अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा : सड़कें-दीवारें ढहाईं | DTP की बड़ी कार्रवाई

नूंह। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीटीपी बिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने घासेड़ा, नूंह और पल्ला के राजस्व क्षेत्र में करीब 13 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही तीन अनधिकृत कॉलोनियों में तोड़फोड़ की। कार्रवाई के दौरान सड़कें, चारदीवारी, डीपीसी और डीलर रूम सहित कई निर्माण हटाए गए।
डीटीपी विभाग के अनुसार यह कार्रवाई नूंह के अर्बन एरिया और कंट्रोल्ड एरिया में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ की गई। अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नूंह सिटी थाना और सदर थाना पुलिस की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं।

घासेड़ा के राजस्व क्षेत्र में करीब छह एकड़ में विकसित की जा रही कॉलोनी में टीम ने प्रीकास्ट बाउंड्री वॉल, कंक्रीट से बनाई गई सड़कें और चार डीपीसी को ध्वस्त किया। विभाग के मुताबिक यहां बिना आवश्यक अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
इसके बाद नूंह के राजस्व क्षेत्र में करीब पांच एकड़ में विकसित की जा रही दूसरी अनधिकृत कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यहां आठ डीपीसी, एक डीलर रूम और सड़क नेटवर्क को हटाया गया।

इसी अभियान के तहत पल्ला के राजस्व क्षेत्र में करीब दो एकड़ में विकसित की जा रही तीसरी कॉलोनी में भी कार्रवाई हुई। यहां टीम ने चार बाउंड्री वॉल को ध्वस्त किया। इस तरह तीनों स्थानों पर करीब 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जिला नगर योजनाकार बिनेश कुमार ने बताया कि नियंत्रित और शहरी क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से किसी भी प्लॉट या जमीन की खरीद से पहले उसकी वैधता और संबंधित विभाग से मिली स्वीकृति की जांच करने की अपील की है, ताकि बाद में आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
Editor: नितिन यादव



