Nuh News | ट्रैक्टर के कल्टीवेटर से टकराई बाइक : 32 वर्षीय सरफराज की मौत | बीमार ससुर को देखने जा रहा था

पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव झिंमरावट के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय सरफराज की मौत हो गई। सरफराज पलवल जिले के ढकलपुर गांव का रहने वाला था और नूंह के कालाका गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार सरफराज मलाई गांव स्थित एक मस्जिद में बच्चों को पढ़ाता था। बुधवार देर रात वह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर कालाका गांव के लिए निकला था। बताया गया है कि उसके ससुर की तबीयत खराब थी और वह उन्हें देखने के लिए ससुराल जा रहा था।

झिंमरावट गांव के पास पहुंचने पर सामने से खेत में काम करके लौट रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में सरफराज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया।

बताया गया है कि सरफराज शादीशुदा था और उसके छह बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और पांच बेटे शामिल हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है।
पिनगवां थाना पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



