दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : तीन की दर्दनाक मौत | तीन गंभीर घायल | अज्ञात वाहन चालक पर केस

हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स (RJ60-CF-5419) में सवार एक महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम शहीद हसन खान मेवाती (SHKM) मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में कराया गया।
पुलिस को दी शिकायत में रामपाल मीणा ने बताया कि उसका छोटा भाई राम किशन मीणा एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कंपनी की मीटिंग में शामिल होने के लिए वह अपने साथियों के साथ उत्तराखंड जा रहा था। उनके साथ अविनाश मीणा, अनीता शर्मा सहित अन्य लोग मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार में सवार थे।

शिकायत के अनुसार, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गांव बनारसी और दहदोली कला के बीच उनकी कार पहुंची ही थी कि आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार कार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में राम किशन मीणा, अविनाश मीणा और अनीता शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नगीना थाना पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों और मृतकों को तत्काल शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जांच अधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि घायलों का गुरुग्राम के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।



