Home: देश सामान्य
असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के मामले में उल्फा (आई) के 3 'ओवरग्राउंड वर्कर' गिरफ्तार

असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर किए गए हमले के मामले में उल्फा (आई) के 3 'ओवरग्राउंड वर्कर' गिरफ्तार

देश | सामान्य | 4/25/2024, 5:41 AM | Ground Zero Official

तिनसुकिया। तिनसुकिया जिले में असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला करने के मामले में बुधवार को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा (आई) के तीन भूमिगत सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। गत 16 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग से तिनसुकिया (असम) के मार्गेरिटा की ओर आ रहे 31 असम राइफल्स के काफिले पर मकुमपानी वन क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों ने गोलीबारी कर दी थी। इसमें अर्धसैनिक बल का एक जवान घायल हो गया था।

हमले की जिम्मेदारी उल्फा (आई) ने ली थी। तिनसुकिया पुलिस ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के तीन लोगों को पड़ोसी राज्य के पुलिस बल और असम राइफल्स के साथ संयुक्त अभियान में पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपितों में से एक ने हमला करने वाले उग्रवादियों की राशन और मार्गदर्शक के रूप में मदद की थी। इसके अलावा दो अन्य ने उग्रवादियों को हमले के बाद भागने में मदद की थी।

पुलिस ने कहा कि पता चला है कि हमले के दौरान असम राइफल्स की जवाबी फायरिंग में एक उग्रवादी की मौत हो गई थी और उसे उसके साथियों ने पास के वन क्षेत्र में दफना दिया थे। मारे गए उग्रवादी के शव को बरामद करने और परिवार के सदस्यों को सौंपने के प्रयास जारी हैं।

LATEST