Ambala News | ट्रैक्टर पार्ट्स फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद भीषण आग : सुबह 5 बजे हुआ हादसा | पांच दमकल गाड़ियां मौके पर

रामपुर सरसेहड़ी मोड़ के पास आजाद नगर स्थित ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में शनिवार सुबह ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों तक आवाज सुनाई दी और खिड़कियों के शीशे हिल गए। अचानक हुए धमाके और आग के कारण आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री से आग की लपटें और धुआं उठता देखकर तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद डायल 112 की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने भी आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।

फैक्ट्री मालिक सुशांत अग्रवाल ने बताया कि रामपुर सरसेहड़ी मोड़ पर उनकी ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री है। रोज की तरह रात को फैक्ट्री बंद करके गए थे। सुबह करीब 5 बजकर 7 मिनट पर फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी मिली। आग में फैक्ट्री में रखा सामान और मशीनरी प्रभावित हुई है। मालिक ने करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
सुशांत अग्रवाल ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने और पानी की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि शुरुआती समय में आग कम थी और पर्याप्त पानी के साथ समय पर कार्रवाई होती तो नुकसान को कम किया जा सकता था। उन्होंने दावा किया कि पहली दमकल गाड़ी में पानी कम था और दूसरी गाड़ी देरी से पहुंची। हालांकि फायर ब्रिगेड की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं की गई है।

फैक्ट्री मालिक का यह भी कहना है कि क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित किए जाने के कारण पिछले करीब एक साल से फैक्ट्री का इंश्योरेंस नहीं हो पा रहा है। ऐसे में आग से हुए नुकसान के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।
डायल 112 इंचार्ज प्रदीप राणा के मुताबिक पुलिस को सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट पर रामपुर सरसेहड़ी मोड़ स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में स्थित है और क्षेत्र में बिजली की तारें नीचे होने तथा गलियों में वाहन खड़े होने के कारण दमकल वाहनों को अंदर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
आसपास रहने वाले लोगों के मुताबिक सुबह करीब पांच बजे उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो फैक्ट्री में आग लगी हुई थी। स्थिति को देखते हुए कुछ परिवार अपने बच्चों के साथ घरों से बाहर निकल आए।
फायर ब्रिगेड अधिकारी के मुताबिक सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। आग की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चला है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।



