Panchkula News | सफाई कर्मचारियों ने फूंका मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला : 24वें दिन भी हड़ताल जारी | कार्रवाई की चेतावनी पर रोष

नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर राज्यव्यापी हड़ताल के 24वें दिन भी डटे रहे। कर्मचारियों ने सेक्टर-14 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया और हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला फूंका। कर्मचारियों ने मंत्री द्वारा सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कहे जाने पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सरकार को कार्रवाई की चेतावनी देने के बजाय कर्मचारियों की मांगों का समाधान करना चाहिए।

जिला प्रधान जोगिन्द्र सिंह कांगड़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की।
जोगिन्द्र सिंह कांगड़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के साथ पूर्व में हुए समझौतों को लागू किया जाना चाहिए और उनकी सभी जायज मांगों पर जल्द फैसला लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन तेज होने से पैदा होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी सरकार की होगी।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पंचकूला में कर्मचारी संगठन लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों पर ठोस फैसला होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।



