Fatehabad News | राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन : 351 खिलाड़ियों ने दिखाया दम | कैप्टन अभिमन्यु ने दिया नशामुक्ति का संदेश
फतेहाबाद। जिले के गांव खारा खेड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित 34वीं राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के समापन समारोह में हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में नवोदय विद्यालय समिति के सभी 10 रीजन से करीब 351 छात्र-छात्रा तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले आयोजन में खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने नवोदय विद्यालय की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें जिम्मेदार और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने जयपुर क्षेत्र के नवोदय विद्यालय समिति के पदाधिकारियों और प्राचार्य अनूप सिंह के नेतृत्व एवं प्रतियोगिता के आयोजन की भी सराहना की।
पत्रकारों से बातचीत में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार की ओर से खेलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं।
नशे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को दुत्कारने या प्रताड़ित करने के बजाय उनके प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसे युवाओं को उचित उपचार और सहयोग उपलब्ध कराकर मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की।
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना नशे से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समाज और परिवारों से युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
समापन समारोह के साथ तीन दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन हुआ। आयोजन में नवोदय विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ी मौजूद रहे।
Editor: नितिन यादव



