Fatehabad News | नशे के खिलाफ युवाओं का बल्ला : 55 हजार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा | 'नमो क्रिकेट लीग' की ट्रॉफी लॉन्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के उपलक्ष्य में युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से पांच राज्यों में 'नमो क्रिकेट लीग' का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज फतेहाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी लॉन्च की। इस दौरान उन्होंने लीग को लेकर जानकारी साझा की।
'अगर नशा करना है, तो खेल का करें' के संकल्प के साथ शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में 55 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 17 सितंबर को दिल्ली से लीग का आगाज होगा। प्रतियोगिता के लिए पांच राज्यों को कुल 32 जोन में बांटा गया है। करीब 3400 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग लेंगी और हर जोन में औसतन 100 टीमें मुकाबले खेलेंगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए तरुण भंडारी ने बताया कि सभी 32 जोनों की विजेता टीमें चंडीगढ़ में फाइनल राउंड के मुकाबले खेलेंगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के तौर पर विजेता टीम को 21 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के तौर पर 11 लाख रुपये, तृतीय पुरस्कार के तौर पर 5 लाख रुपये और चतुर्थ पुरस्कार के तौर पर 2.5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को इलेक्ट्रिक कार देने का प्रावधान रखा गया है। खिलाड़ियों के लिए मोटरसाइकिल, लैपटॉप और स्मार्टफोन समेत कई अन्य इनाम भी रखे गए हैं।
तरुण भंडारी ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों की उन प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है, जिन्हें आगे बढ़ने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। प्रतियोगिता के दौरान उभरकर सामने आने वाले शीर्ष 10 से 20 खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता के साथ उच्च स्तरीय कोचिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के साथ-साथ नशा मुक्ति के लिए भी सरकार की ओर से हर स्तर पर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। लगातार जागरूकता मैराथन और सामाजिक अभियानों के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही नशा तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानून बनाने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है, ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
Editor: शिवानी राजपूत



