Ambala News | पूर्व होम मिनिस्टर संपत सिंह का बीजेपी पर निशाना : क्राइम और नशे को लेकर सरकार घेरा | अंबाला कैंट फ्री होल्ड पर भी बोले

इनेलो सरकार में पूर्व होम मिनिस्टर रहे संपत सिंह मंगलवार को अंबाला पहुंचे। अंबाला पहुंचने पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान संपत सिंह मीडिया से भी रूबरू हुए और विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
मीडिया से बातचीत के दौरान संपत सिंह ने अंबाला कैंट को फ्री होल्ड करने के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब इनेलो की सरकार थी, तब चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कई कॉलोनियों को फ्री होल्ड किया था। उन्होंने कहा कि अब अपने आपको गब्बर कहने वाले अनिल विज भी यह काम नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह काम नहीं करवा पा रहे तो फिर किस बात के गब्बर हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके राजनीति में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी संपत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे केवल एक इवेंट बताया। उनका कहना था कि सेवा करनी है तो अपने दफ्तर में बैठकर काम किया जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 25 साल में कोई ऐसा काम बताया जाए, जो करके दिखाया गया हो।
संपत सिंह ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे खरीदी हुई सरकार बताया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की। राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेच रही थी और बीजेपी खरीद रही थी।
हरियाणा में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर भी संपत सिंह ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस तरह का अपराध पहले कभी नहीं देखा और मौजूदा समय में क्राइम खुले तौर पर हो रहा है। उन्होंने हरियाणा में बढ़ते अपराध के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में बढ़ते अपराध के पीछे बेरोजगारी भी एक कारण है। संपत सिंह के मुताबिक, आज हरियाणा में हजारों लोग फिरौती देने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि थाने में गोलियां चल रही हैं और कोर्ट जैसी सुरक्षित जगहों पर भी अपराध की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने हरियाणा के मौजूदा हालात को लेकर कहा कि प्रदेश की स्थिति बिहार से भी बदतर हो गई है।
संपत सिंह ने हरियाणा में बढ़ते नशे को लेकर भी बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और प्रदेश में अपराध तथा नशे के मुद्दे पर सरकार पर सवाल उठाए।
Editor: शिवानी राजपूत



