जींद | देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन से विकसित भारत को मिलेगी नई रफ्तार : मोहनलाल बड़ौली

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा। उन्होंने कहा कि जींद के एकलव्य स्टेडियम से प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और साथ ही हरियाणा को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। यह कार्यक्रम 'विकसित भारत–विकसित हरियाणा' के संकल्प को नई गति देगा।
जींद में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि भारत की हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया गया है। कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए सीएनजी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्राथमिकता दी गई है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर सिंगल-यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण का भी एक मॉडल बनेगा।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरियाणा के सभी 22 जिला मुख्यालयों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ सकें और अनावश्यक वाहनों की आवाजाही भी कम हो।
उन्होंने बताया कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की विशेष यात्रा में विश्वविद्यालयों, पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य की स्वच्छ ऊर्जा आधारित तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा को सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुभारंभ, अंबाला-कालाअंब ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे से जुड़ी परियोजनाएं, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग तथा हांसी-बरवाला फोरलेन जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विकास को मजबूती मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश कौशिक, ब्राह्मण खाप के प्रदेश अध्यक्ष अशोक शर्मा, डिप्टी स्पीकर के मीडिया सलाहकार सन्नी मग्गू, जिला मीडिया प्रभारी राकेश बैरागी, जिला आईटी प्रमुख विकास श्योकंद, प्रदेश प्रवक्ता रामराज शर्मा सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।



