Kurukshetra News | सांप के डसने से 19 माह के बच्चे की मौत : पोल्ट्री फार्म के बाहर खेल रहा था मासूम | झांसा पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

झांसा थाना क्षेत्र के गांव गोरखा में सांप के डसने से 19 महीने के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा पोल्ट्री फार्म के बाहर खेल रहा था, इसी दौरान यह घटना हुई। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्चे की पहचान आरभ के रूप में हुई है। उसका परिवार मूल रूप से नेपाल के मोरंग जिले के रतुआमाई गांव का रहने वाला बताया गया है। परिवार पिछले करीब छह वर्षों से गोरखा गांव स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर रहकर मजदूरी करता है। आरभ का करीब छह वर्षीय बड़ा भाई आरुस भी है।

परिजनों के मुताबिक शाम करीब चार बजे आरभ पोल्ट्री फार्म के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक वह रोने लगा और कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तुरंत एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया।
फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नरेश सैनी के अनुसार बच्चे को वाइपर प्रजाति के सांप के डसने की आशंका है। हालांकि सांप को मौके पर किसी ने नहीं देखा था। बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर झांसा थाना पुलिस ने बच्चे के पिता रीकू के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। 19 महीने के बच्चे की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
Editor: शिवानी राजपूत



