Kurukshetra News | अस्पताल के कैदी वार्ड से आरोपी फरार : पुलिस गार्द को दिया चकमा | तलाश में जुटीं टीमें
लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) सिविल अस्पताल के कैदी वार्ड से एक आरोपी पुलिस गार्द को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फरार आरोपी की पहचान मंडोखरा निवासी सतिंद्र उर्फ सतेंद्र उर्फ कांति के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए कई टीमें लगाई हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे आरोपी कैदी वार्ड से बाहर निकला था। कुछ समय बाद जब पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश की तो वह वार्ड और आसपास नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को आरोपी के फरार होने की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और वहां लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपी अस्पताल परिसर से बाहर जाता दिखाई दिया। इसके बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की गई। CIA सहित जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमें भी आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

पुलिस के अनुसार कांति को 1 सितंबर को ईशरगढ़ गांव में एक बुजुर्ग महिला से बालियां झपटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शिकायत के मुताबिक वारदात के बाद उसका पीछा किया गया और शाहाबाद बाजार क्षेत्र में उसे पकड़ लिया गया था। इस दौरान उस पर पीछा कर रहे व्यक्ति के साथ मारपीट करने का भी आरोप है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जिला जेल भेजा गया था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसे कैदी वार्ड में रखा गया था। यहीं से शनिवार सुबह उसके फरार होने की घटना सामने आई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कुरुक्षेत्र और करनाल जिलों में चोरी, छीनाझपटी और मारपीट सहित करीब 11 मामले दर्ज हैं। उसके पिछले मामलों से संबंधित रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस PRO नरेश कुमार ने बताया कि आरोपी के फरार होने के मामले की जांच की जा रही है और उसके खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में लगी हैं। इसके साथ ही कैदी वार्ड में सुरक्षा के दौरान हुई लापरवाही से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



