Kurukshetra News | सफाई कर्मचारियों के समर्थन में अशोक तंवर : सरकार से जल्द समाधान की मांग | ठेकेदारी प्रथा पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद अशोक तंवर ने सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से बातचीत के जरिए जल्द समाधान निकालने की मांग की। तंवर ने कहा कि हड़ताल लंबी चलने से आम जनता को भी परेशानी हो रही है, इसलिए सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
चंडीगढ़ से दिल्ली जाते समय अशोक तंवर शाहाबाद के एक ढाबे पर रुके। इस दौरान शाहाबाद विधायक रामकरण काला भी उनके साथ मौजूद रहे। यहां कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति, कर्मचारियों के आंदोलन और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर अशोक तंवर ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन करती है और सरकार को कर्मचारियों के साथ बातचीत कर ऐसा रास्ता निकालना चाहिए, जिससे उनकी मांगों का समाधान होने के साथ सफाई व्यवस्था भी सामान्य हो सके।
अशोक तंवर ने ठेकेदारी प्रथा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा ही नहीं, बल्कि देशभर में ठेकेदारी व्यवस्था बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था में कर्मचारियों के शोषण की शिकायतें सामने आती रहती हैं। महंगाई के दौर में गरीब और मेहनतकश वर्ग के सामने परिवार चलाने की चुनौती भी बढ़ी है।

तंवर ने सरकार से ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को बेहतर सेवा सुरक्षा और सुविधाएं मिलने से उन्हें राहत मिलेगी तथा सरकारी व्यवस्थाओं को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए तंवर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों के शासन के बाद भी अगर विकास कार्यों या समस्याओं के समाधान में विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया जाता है तो यह तर्क स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में युवा, किसान, मजदूर, शिक्षक और सफाई कर्मचारी अलग-अलग मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। तंवर ने इसे चिंता का विषय बताते हुए कहा कि सरकार को आंदोलनरत कर्मचारियों और अन्य वर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगें पूरी हों और उनकी हड़ताल का जल्द समाधान निकले। उन्होंने सरकार से कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत कर सहमति बनाने की अपील की।
इस दौरान शाहाबाद विधायक रामकरण काला सहित कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



