Kurukshetra News | धान खरीद को लेकर किसानों का प्रदर्शन : 15 सितंबर से खरीद की मांग | GT रोड पर उतरने की चेतावनी

धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग को लेकर किसानों ने कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के आह्वान पर किसान लघु सचिवालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि धान की फसल मंडियों में पहुंचने लगी तो समय पर खरीद नहीं होने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसलिए सरकार को बिना देरी किए 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू करनी चाहिए।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। किसान नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जीटी रोड पर धान डालकर विरोध जताया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेशभर के डीसी कार्यालयों के बाहर भी धान डालकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
किसानों ने धान में नमी की निर्धारित सीमा को लेकर भी अपनी मांग रखी। उन्होंने नमी की सीमा 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने की मांग की। किसानों का कहना है कि इससे फसल बेचने के दौरान उन्हें राहत मिलेगी।

धान के साथ किसानों ने गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग भी उठाई। किसान नेताओं ने कहा कि चीनी के दामों में बढ़ोतरी को देखते हुए गन्ने के भाव में भी वृद्धि की जानी चाहिए, ताकि उत्पादकों को फसल का उचित मूल्य मिल सके।
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर 10 सितंबर को पिहोवा में किसान महापंचायत आयोजित करने का ऐलान किया है। किसान नेताओं के मुताबिक इस महापंचायत में आगे के आंदोलन को लेकर फैसला लिया जाएगा।
फिलहाल किसानों ने सरकार से 15 सितंबर से धान खरीद शुरू करने, नमी की सीमा बढ़ाने और गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि मांगों पर फैसला नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को प्रदेश स्तर पर तेज किया जाएगा।



