Kurukshetra News | हेरोइन सप्लाई का आरोपी गिरफ्तार : 8.07 ग्राम बरामदगी मामले में कार्रवाई | एंटी नारकोटिक सेल ने पकड़ा

कुरुक्षेत्र। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरुक्षेत्र पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने हेरोइन सप्लाई करने के आरोपी संजू को गिरफ्तार किया है। आरोपी थुआ जिला जींद का रहने वाला है और फिलहाल कैथल में रह रहा था। गिरफ्तारी 8.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामदगी से जुड़े मामले की जांच के दौरान की गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 29 जून 2026 को एंटी नारकोटिक सेल की टीम उपनिरीक्षक सतविंदर सिंह के मार्गदर्शन में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर लाडवा-शाहाबाद रोड पर जंधेड़ी मोड़ के पास नाकाबंदी की गई।
इस दौरान पुलिस ने गांव जंधेड़ी निवासी गौरव को कार सहित काबू किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.07 ग्राम हेरोइन/स्मैक और 2100 रुपये बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना शाहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गौरव को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच आगे बढ़ने पर नशीले पदार्थ की कथित सप्लाई में संजू की भूमिका सामने आई। इसके बाद एंटी नारकोटिक सेल में तैनात सहायक उपनिरीक्षक पवन कुमार की टीम ने 6 सितंबर 2026 को संजू को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है। नशीला पदार्थ कहां से आया और इस मामले में अन्य लोगों की कोई भूमिका है या नहीं, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Editor: नितिन यादव



