Kurukshetra News | नहर में मिला 36 वर्षीय संजीव का शव : रक्षाबंधन के अगले दिन से था लापता | हाथ पर बंधी थी राखी
कुरुक्षेत्र। जिले के इस्माईलाबाद क्षेत्र में गांव डल्ला माजरा के समीप भाखड़ा नहर से बुधवार को 36 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अंबाला जिले के गांव सेगटा निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संजीव 29 अगस्त यानी रक्षाबंधन के अगले दिन से लापता था।
जानकारी के मुताबिक गोताखोर प्रगट सिंह की टीम नहर में एक बुजुर्ग के शव की तलाश कर रही थी। इसी दौरान डल्ला माजरा के पास पुल के समीप जमा कबाड़ में एक युवक का शव फंसा दिखाई दिया। टीम ने इसकी सूचना पुलिस को दी और शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि युवक के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान संजीव कुमार के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक 36 वर्षीय संजीव अंबाला के समीप गद्दे बनाने वाली एक फैक्ट्री में काम करता था। वह 29 अगस्त से लापता था और परिवार उसकी तलाश कर रहा था।गोताखोर प्रगट सिंह के अनुसार संजीव के हाथ पर राखी बंधी हुई थी। शव मिलने की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। संजीव नहर में किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर लगाया जाएगा।
इस्माईलाबाद थाना प्रभारी रामपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Editor: न्यूज़ डेस्क



