Kurukshetra News | दुकान में चोरी के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार : चोरी का सामान बरामद | अदालत में किया पेश

कुरुक्षेत्र। इस्माईलाबाद में दुकान के गोदाम से सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना इस्माईलाबाद पुलिस ने ध्यान नाथ उर्फ लाड़ी और रमजान निवासी कस्बा इस्माईलाबाद को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के अनुसार पुराना बाजार इस्माईलाबाद निवासी भगवान दास ने थाना इस्माईलाबाद में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि नई मार्केट में उसकी बर्तन की दुकान है और दुकान का सामान रखने के लिए गोदाम बनाया हुआ है।
शिकायत के अनुसार जब भगवान दास सामान लेने गोदाम पहुंचा तो शटर खुला मिला। अंदर जांच करने पर स्टील कैंपर, जूस मशीन और डिनर सेट सहित अन्य सामान गायब मिला। इसके बाद मामले की शिकायत थाना इस्माईलाबाद पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच मुख्य सिपाही संजीव कुमार को सौंपी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ध्यान नाथ उर्फ लाड़ी और रमजान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से स्टील कैंपर, जूस मशीन और डिनर सेट सहित चोरी का सामान बरामद किया।दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
Editor: नितिन यादव



