Rewari News | CM सैनी ने हाफ मैराथन को दिखाई हरी झंडी : नशे के खिलाफ दौड़ा रेवाड़ी | युवाओं को दिलाया नशा मुक्ति का संकल्प
रेवाड़ी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी में नशे के विरुद्ध आयोजित राज्यस्तरीय हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और धावकों ने भाग लिया। पांच और दस किलोमीटर की दौड़ में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रेवाड़ी की धरती ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का मजबूत संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ का संदेश केवल रेवाड़ी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे हरियाणा में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की समस्या किसी एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है। यह युवाओं के भविष्य और समाज से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार नशे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ जागरूकता, उपचार, पुनर्वास, शिक्षा, खेल और रोजगार के माध्यम से भी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना नशे के खिलाफ लड़ाई का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों के माध्यम से युवा शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होते हैं। इसी उद्देश्य से सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रदेश में स्पेशल टास्क फोर्स और हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो काम कर रहा है। सरकार की ओर से नशे की चपेट में आए लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेशभर में नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए 160 नशा मुक्ति केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड स्तर से लेकर राज्य स्तर तक मिशन टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को पूरा करने के लिए ‘एक्शन प्लान 2029’ पर काम कर रही है। इसके तहत नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ‘हरियाणा उदय’ सामुदायिक अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत प्रदेश में अब तक 2,485 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों से 16 लाख 61 हजार से अधिक नागरिक जुड़े हैं। सरकार का प्रयास है कि सामाजिक भागीदारी के माध्यम से नशे के खिलाफ अभियान को घर-घर तक पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने दोस्तों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही ‘नशा मुक्त युवा, नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है।
हाफ मैराथन के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पांच और दस किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने धावकों की भागीदारी को नशे के खिलाफ जागरूकता का मजबूत संदेश बताते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने ‘न नशा करेंगे, न नशा बिकने देंगे’ के संदेश को हर घर और गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज और विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।
Editor: नितिन यादव



