Kurukshetra News | लाडवा में CM के कार्यक्रम को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम : हैलीपैड के आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक | सड़क किनारे वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के 8 सितंबर को लाडवा हलके में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री के आवागमन और कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त एवं जिलाधीश विश्राम कुमार मीणा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 8 सितंबर को लाडवा पहुंचेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे और कार्यक्रम के बाद हेलीकॉप्टर से ही अगले स्थान के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के हवाई और सड़क मार्ग से आवागमन को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड और निर्धारित मार्गों के आसपास विशेष सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार कार्यक्रम स्थलों, हैलीपैड और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले सड़क मार्गों के आसपास वाहनों को खड़ा करने पर प्रतिबंध रहेगा। सड़क मार्ग के दोनों तरफ 75 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन को खड़ा नहीं किया जा सकेगा।
प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल और हैलीपैड के आसपास ड्रोन उड़ाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। सुरक्षा कारणों से किसी भी प्रकार के रिमोट संचालित उड़ने वाले यंत्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। ये प्रतिबंध मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और आवागमन के दौरान लागू रहेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थलों और संबंधित सड़क मार्गों के दो किलोमीटर के दायरे में घातक हथियार लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ये आदेश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन वाले मार्गों पर पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष निगरानी रखी जाएगी। कार्यक्रम स्थल और हैलीपैड के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में वाहन खड़े नहीं करने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जिलाधीश विश्राम कुमार मीणा ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि इनका उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 223 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। विशेष रूप से कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है, ताकि कार्यक्रम और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
Editor: शिवानी राजपूत



