Kurukshetra News | देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी को श्रद्धांजलि : CM सैनी ने किया नमन | समाजसेवा के कार्यों को किया याद

लाडवा उपमंडल स्थित डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जयराम संस्थाओं के ब्रह्मलीन देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी का 22वां श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देवेंद्र स्वरूप ब्रह्मचारी ने ‘मानव सेवा ही माधव सेवा’ के भाव को अपने जीवन में चरितार्थ किया। उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने और लोगों को सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करने का काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी के शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार और सामाजिक कार्यों के माध्यम से लोगों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि पूज्य गुरुदेव द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलना और समाजसेवा के लिए समर्पित रहना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने लोगों से सेवा और जनकल्याण के कार्यों से जुड़े रहने का आह्वान किया।

श्रद्धांजलि समारोह में पूर्व मंत्री जेपी दलाल, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन सुभाष कलसाना, गुरनाम सैनी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा सहित संत समाज के अनेक प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



