Kanina News | महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा लगाने की मांग : नगर पालिका प्रधान को सौंपा ज्ञापन | बैठक में आएगा प्रस्ताव

अग्रवाल समाज कनीना के सदस्यों ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी को ज्ञापन सौंपा। समाज ने कनीना नहर के पास प्रस्तावित चौक पर महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा लगाने की अनुमति देने की मांग की है।
मंगलवार को अग्रवाल समाज के सदस्य नगर पालिका प्रधान से मिले और अपनी मांग उनके सामने रखी। समाज के सदस्यों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन सेवा, समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुटता और सेवा की प्रेरणा देते हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि कनीना अस्पताल से रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग को महाराजा अग्रसेन मार्ग के नाम से जाना जाता है। समाज के सदस्यों के अनुसार इस मार्ग का नाम यूनियन बैंक के पते में भी दर्ज है। इसी आधार पर उन्होंने महाराजा अग्रसेन मार्ग पर कनीना नहर के समीप प्रस्तावित चौक पर प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति मांगी है।
अग्रवाल समाज के सदस्यों ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित होने से न केवल समाज बल्कि पूरे नगर के लिए यह गौरव का विषय होगा। इससे आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों, सेवा भावना और सामाजिक समरसता के संदेश के बारे में जानने का अवसर भी मिलेगा।

नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी ने बताया कि अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने के संबंध में ज्ञापन दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना के लिए नगर पालिका की बैठक में प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवकुमार अग्रवाल, मार्केट कमेटी सदस्य विनोद गुप्ता, मार्केट कमेटी वाइस चेयरमैन दीपक गुप्ता, योगेश अग्रवाल, व्यापार मंडल कनीना अध्यक्ष पूरन सिंह सहरावत, रविंद्र बंसल, किशोर गर्ग, निलेश गुप्ता, पार्षद नितेश गुप्ता, महेंद्र मित्तल और व्यापार मंडल के उपप्रधान महेंद्र सहित अग्रवाल समाज के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समाज के सदस्यों ने नगर पालिका से मांग की कि प्रस्ताव पर जल्द कार्रवाई कर कनीना नहर के पास महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति दी जाए।
Editor: शिवानी राजपूत



