Kurukshetra News | खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक : गुरप्रीत सिंह की मौत | पत्नी गंभीर घायल

लाडवा-पिपली रोड पर गांव निवारसी के पास सड़क पर खड़ी लोडिंग ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने के कारण 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बिंद्र उर्फ बलविंद्र कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर इंडिकेटर, पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर या कोई अन्य चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव उमरी निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह उमरी गांव में बेकरी की दुकान चलाते थे। जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह अपनी पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रिश्तेदारी में गए हुए थे। रात के समय दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
गांव निवारसी के पास पहुंचने पर उनकी बाइक सड़क पर खड़ी लोडिंग ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को संभाला और सरकारी एंबुलेंस की मदद से सीएचसी लाडवा पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शी वार्ड-12 लाडवा निवासी वंश ने पुलिस को बताया कि वह अपनी स्कूटी पर पिपली-थानेसर की तरफ से लाडवा जा रहा था। रास्ते में उसने मुख्य सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी देखी, जिसका मुंह पिपली की तरफ था।
उसका आरोप है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर न तो इंडिकेटर दिया गया था और न ही पार्किंग लाइट चालू थी। ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर या वाहन चालकों को सावधान करने के लिए कोई अन्य सिग्नल भी नहीं लगाया गया था।
इसी दौरान लाडवा की तरफ से आ रही गुरप्रीत सिंह की बाइक ट्रॉली के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पत्नी को भी चोटें आईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सीएचसी लाडवा में चिकित्सकों ने जांच के बाद गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी बिंद्र उर्फ बलविंद्र कौर की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि गुरप्रीत सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटे मनकीरत सिंह (17) तथा जसकीरत (15) को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद गुरप्रीत सिंह का शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की परिस्थितियों और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।



