Nuh News | 3.15 करोड़ की हेरोइन बरामद : 1.597 किलो नशे के साथ आरोपी गिरफ्तार | चोरी की कार से मिली खेप

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CIA तावड़ू की टीम ने अमरनाथ कॉलोनी के पास नल रोड पर एक कार को रोककर 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये है। मामले में कोटला निवासी वाजिद उर्फ काला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार CIA तावड़ू की टीम ने PSI प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। टीम ने नल रोड पर एक स्विफ्ट कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद होने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जानी थी। इसके साथ नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में कुछ सप्लायरों के संबंध में जानकारी मिली है। इनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले नशा तस्करी से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच में आरोपी वाजिद उर्फ काला के पिछले कुछ वर्षों के दौरान वाहन चोरी के चार मामलों में शामिल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक जिस स्विफ्ट कार से हेरोइन बरामद की गई, वह भी चोरी की बताई जा रही है। हालांकि आरोपी के खिलाफ पहले नशा तस्करी से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आने की बात कही गई है।
पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ के जरिए नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसमें हेरोइन उपलब्ध कराने वाले सप्लायर से लेकर इसे आगे पहुंचाने वाले लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी।
नूंह पुलिस ने नशीले पदार्थ बेचने वालों के साथ उन्हें पनाह देने या आर्थिक मदद उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस की ओर से गांवों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।
पुलिस के मुताबिक नशे के खिलाफ अभियान के तहत पिछले सप्ताह 14 एफआईआर में 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे की सप्लाई रोकने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



