Kurukshetra News | कनाडा छोड़ गांव लौटा युवक, हादसे में मौत : 10 साल का था वीजा | चार महीने पहले आया था वापस

जिले में सड़क हादसे में 27 वर्षीय सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई। सिमरनजीत के पास कनाडा का 10 साल का वीजा था, लेकिन वह करीब चार महीने पहले कनाडा से अपने गांव डडवाना लौट आया था। गांव लौटने के बाद वह पिहोवा-बाबैन रूट पर निजी बस चलाने का काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक सिमरनजीत कनाडा में रह रहा था। परिवार और कनाडा में रहने वाली उसकी बड़ी बहन ने उसे वहीं रहने के लिए कहा था, लेकिन वह अपने गांव वापस आकर यहीं काम करना चाहता था। करीब चार महीने पहले वह कनाडा से वापस गांव डडवाना लौट आया और निजी बस चलाने लगा।
बताया गया है कि सिमरनजीत बाइक पर पिहोवा से अपने गांव डडवाना लौट रहा था। उसके पिता गुरमीत सिंह भी दूसरी बाइक पर उसके पीछे गांव की तरफ आ रहे थे। आरोप है कि अस्मानपुर गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने सिमरनजीत की बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद उसके पिता भी मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से मदद मांगी। पिता गुरमीत सिंह के मुताबिक कार चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका और वापस मौके पर आया, लेकिन भीड़ बढ़ने पर वहां से चला गया। उन्होंने पुलिस को कार का नंबर भी उपलब्ध कराया है और चालक को सामने आने पर पहचानने की बात कही है।
राहगीरों की मदद से सिमरनजीत को कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर परिजन उसे वापस एलएनजेपी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार के मुताबिक सिमरनजीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह अपने पति के साथ कनाडा में रहती है। परिवार चाहता था कि सिमरनजीत भी कनाडा में ही रहे, लेकिन उसने गांव लौटकर अपने परिवार के पास रहकर काम करने का फैसला किया था।
गांव लौटने के बाद उसने पिहोवा-बाबैन रूट पर निजी बस चलानी शुरू कर दी थी। उसके वापस आने से परिवार खुश था, लेकिन करीब चार महीने बाद हुए सड़क हादसे में उसकी मौत से परिवार में शोक है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता गुरमीत सिंह के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस कार और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटाकर आगामी कार्रवाई कर रही है।



