Panchkula News | UPSC में तीसरी रैंक हासिल करने वाले एकांश ढुल से मिले CM सैनी : घर पहुंचकर दी बधाई | उपलब्धि की सराहना

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण ढुल के निवास पर पहुंचकर उनके बेटे एकांश ढुल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने UPSC परीक्षा में देशभर में तीसरी रैंक हासिल करने पर एकांश को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एकांश ढुल से उनकी सफलता और आगे की योजनाओं को लेकर बातचीत की। उन्होंने एकांश की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा है। उनकी उपलब्धि से परिवार के साथ हरियाणा और पंचकूला का भी नाम रोशन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि UPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने एकांश को भविष्य में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने तथा देश और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद युवा पीढ़ी से भी मुलाकात की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और निरंतर प्रयास के साथ उन्हें हासिल करने का संदेश दिया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण ढुल और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। परिवार ने एकांश की उपलब्धि पर शुभकामनाएं देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
एकांश ढुल की UPSC परीक्षा में तीसरी रैंक की उपलब्धि को लेकर परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भी एकांश को उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं और भविष्य में देश सेवा के लिए प्रेरित किया गया।



