Fatehabad News | युवक पर हमले का आरोप : पुरानी रंजिश से जोड़कर देखी जा रही वारदात | पुलिस जांच में जुटी

रामनगर क्षेत्र में एक युवक पर कई लोगों ने हमला कर दिया। घायल की पहचान रामनगर निवासी रंजीत सिंह उर्फ टुन्ना के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। हमले को कथित गैंगवार और पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
जानकारी के अनुसार रंजीत पिछले कुछ समय से रतिया से बाहर रह रहा था और दो-तीन दिन पहले ही रामनगर लौटा था। बताया जा रहा है कि वह रात को अपने एक परिचित से मिलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।

हमले में रंजीत को गंभीर चोटें आने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हमले का आरोप कथित रूप से शिकारी और तिलक गैंग से जुड़े युवकों पर लगाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी घटना से जुड़े होने का दावा करते हुए वीडियो और धमकी भरे संदेश पोस्ट किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि इन सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता और इन्हें पोस्ट करने वालों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई थी, लेकिन पुलिस टीम मौके पर देरी से पहुंची।
पुलिस PRO विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है। घायल युवक अग्रोहा में उपचाराधीन है और रतिया पुलिस की टीम उसके बयान दर्ज करने के लिए पहुंची है। पुलिस के अनुसार बयान और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



