Yamunanagar News | 3 किलो 102 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार : क्राइम ब्रांच-1 की कार्रवाई | नेपाल से नशीला पदार्थ लाने का आरोप

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा-1 की टीम ने एक युवक को 3 किलो 102 ग्राम गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल से नशीला पदार्थ लाकर यमुनानगर में बेचता था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की विभिन्न टीमें नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा-1 की टीम को सूचना मिली थी कि गांव करेड़ा खुर्द के पास एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है।
सूचना मिलने के बाद अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार के नेतृत्व में एएसआई मनीष कुमार, जगतार, कुलदीप, बृजपाल और सुशील की टीम गठित की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3 किलो 102 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान नेपाल निवासी दीपक यादव पुत्र शंभू यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसके नेपाल से नशीला पदार्थ लाकर यमुनानगर में बेचने की बात सामने आई है। पुलिस इस संबंध में आगे की जांच कर रही है।
अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार के अनुसार आरोपी शहर की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आता था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाता था।
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस उससे नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



