Yamunanagar News | आत्मापुरी कॉलोनी में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर : भारी पुलिस बल रहा तैनात | बिना स्टे वाले मामलों में कार्रवाई

यमुनानगर। हमीदा क्षेत्र की आत्मापुरी कॉलोनी में गुरुवार को नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मकान को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ नगर निगम के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन के अनुसार संबंधित निर्माण नियमों के विपरीत पाया गया था और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम गुरुवार को पुलिस बल के साथ आत्मापुरी कॉलोनी पहुंची। अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों को अवैध निर्माण को लेकर पहले नोटिस जारी किए गए थे और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था। इसके बाद दस्तावेजों और निर्माण की स्थिति की जांच कर स्पीकिंग ऑर्डर पारित किया गया। जिन मामलों में अदालत की ओर से कार्रवाई पर रोक नहीं है, उनमें नियमानुसार ध्वस्तीकरण किया जा रहा है।

कार्रवाई शुरू करने से पहले मकान में मौजूद महिलाओं और बच्चों को बाहर निकाला गया तथा घरेलू सामान भी बाहर निकलवाया गया। प्रशासन की ओर से पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद जेसीबी की मदद से निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया ने बताया कि अवैध निर्माण को लेकर पहले नोटिस दिए गए थे। जांच और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिन मामलों में न्यायालय से स्टे नहीं है, उनमें कार्रवाई की जा रही है।

ध्वस्तीकरण के दौरान मकान में मौजूद महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया। मुस्तरी नामक महिला ने अधिकारियों से मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाई। परिवार की ओर से मामला अदालत में विचाराधीन होने की बात कही गई। प्रशासन के अनुसार मौके पर कार्रवाई रोकने संबंधी कोई स्टे ऑर्डर प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
जांच अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार दस्तावेजों की जांच में निर्माण नियमों के विपरीत पाया गया था। नोटिस और स्पीकिंग ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार हमीदा क्षेत्र में अवैध निर्माण से जुड़े नौ मकान चिन्हित किए गए हैं। इनमें कुछ मामलों में अदालत से राहत मिली हुई है, जबकि जिन मामलों में स्टे नहीं है, उनमें कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह मकान नशा तस्करी के मामलों से जुड़े परिवार से संबंधित है। पुलिस ने बताया कि नईम और मुस्तकीम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज हैं। यह पुलिस द्वारा दी गई जानकारी है और संबंधित मामलों में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया, नगर निगम के एटीपी दर्शन लाल और थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित पुलिस व नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: नितिन यादव



