Faridabad News | माइनिंग साइट पर ₹2 लाख रंगदारी मांगने का आरोप : एक और आरोपी गिरफ्तार | अब तक 3 की गिरफ्तारी

फरीदाबाद। माइनिंग साइट पर कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने, जान से मारने की धमकी देने और प्रतिमाह दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित रायपुर गांव निवासी अरुण उर्फ आशु के रूप में हुई है। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार करनाल निवासी एवं एक फर्म के पार्टनर वागीश शर्मा ने थाना भूपानी में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि महावतपुर गांव स्थित उनकी माइनिंग साइट पर यश चौहान उर्फ चन्नू अपने साथियों के साथ पहुंचकर कर्मचारियों को डराता-धमकाता था और प्रतिमाह दो लाख रुपये देने की मांग करता था। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल ने पहले महावतपुर निवासी यश चौहान और नोएडा निवासी अमित को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी और कर्मचारियों को डराने के लिए इस्तेमाल की गई टॉय गन बरामद की थी। दोनों आरोपियों को बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसके बाद अपराध शाखा सेंट्रल ने 9 सितंबर को अरुण उर्फ आशु को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अरुण यश चौहान का दोस्त है और घटना के समय उसके साथ मौजूद था। गिरफ्तारी के बाद अरुण को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस मामले में अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए रंगदारी और धमकी के आरोपों की जांच भी जारी है।
Editor: नितिन यादव



