Yamunanagar News | ग्राम सचिवों और जेई की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा : सीईओ ब्रह्म प्रकाश ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश | अमृत सरोवर का किया निरीक्षण

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ब्रह्म प्रकाश ने सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय छछरौली में ग्राम सचिवों और पंचायती राज विभाग के कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) की बैठक लेकर उपमंडल क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इनका लाभ जल्द मिल सके।
बैठक में सीईओ ने ग्राम सचिवों और जेई से गांवों में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता और संभावित पूर्णता अवधि के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी करें। यदि किसी कार्य में कोई बाधा आ रही है तो संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका जल्द समाधान करवाया जाए, ताकि विकास कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।
सीईओ ब्रह्म प्रकाश ने सीएम विंडो, जनसंवाद, सीपीग्राम सहित विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों पर विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समय पर निपटारा करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शिकायतों के समाधान में देरी होने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

इसके बाद सीईओ ने गांव चाऊवाला में अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने सरोवर की स्थिति, साफ-सफाई और वहां करवाए गए विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अमृत सरोवरों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने और ग्रामीणों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीईओ ने बीडीपीओ कार्यालय छछरौली के प्रांगण में ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी सीईओ जिला परिषद जसविंद्र सिंह, एसडीओ शिव दयाल, बीडीपीओ कार्तिक चौहान सहित ग्राम सचिव और पंचायती राज विभाग के जेई मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



