Yamunanagar News | कॉस्मेटिक दुकान से पैसे चोरी : आरोपी गिरफ्तार | चोरी की रकम बरामद, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में

पुलिस चौकी अर्जुन नगर की टीम ने कॉस्मेटिक दुकान से पैसे चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर जिला पुलिस की ओर से अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अर्जुन नगर चौकी की पुलिस टीम ने चोरी के मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
चौकी इंचार्ज रजत ने बताया कि दुर्गा गार्डन निवासी राजिंदर धीमान ने शिकायत दी थी कि उनके घर के बाहर कॉस्मेटिक की दुकान है। 13 सितंबर को वह दुकान से किसी काम के लिए बाहर गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि दुकान में रखे गल्ले से पैसे चोरी हो चुके थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया।
जांच के आधार पर पुलिस ने अशोक विहार कॉलोनी, जगाधरी निवासी निरंजन महाराज उर्फ इंद्रजीत पुत्र भुल्ली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से चोरी की रकम बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



