Yamunanagar News | दिव्यांग-वृद्धजनों के जांच शिविरों का समापन : अंतिम शिविर में 150 से अधिक पहुंचे | 59 लाभार्थी मिले पात्र

यमुनानगर। जिला रेडक्रॉस समिति यमुनानगर की ओर से एलिम्को के सहयोग से दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए आयोजित किए जा रहे नि:शुल्क जांच शिविरों की श्रृंखला का गुरुवार को समापन हुआ। अंतिम जांच शिविर पंचायत भवन, गाबा अस्पताल के नजदीक यमुनानगर में आयोजित किया गया।
जिला रेडक्रॉस समिति के कार्यवाहक सचिव संजीव धीमान ने बताया कि समिति की प्रधान एवं उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न खंडों में पात्र दिव्यांगजनों और व्योश्री योजना के तहत वृद्धजनों के लिए जांच शिविर आयोजित किए गए। इससे पहले छछरौली, व्यासपुर और सरस्वती नगर में भी शिविर लगाए गए थे।

अंतिम जांच शिविर में 150 से अधिक लोगों ने भाग लिया। जांच और दस्तावेजों की प्रक्रिया के बाद कुल 59 लाभार्थियों को सहायक उपकरण के लिए पात्र पाया गया। इन लाभार्थियों को आगामी समय में एलिम्को के माध्यम से आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे।
संजीव धीमान ने बताया कि शिविर में पहुंचे कुछ दिव्यांगजनों को पहले ही सहायक उपकरण मिल चुके थे। वहीं कुछ लोगों के जरूरी दस्तावेज पूरे या अपडेट नहीं थे। ऐसे लोगों को दस्तावेज दुरुस्त करवाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया, ताकि वे भविष्य में संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविर में एलिम्को की ओर से ऑडियोलॉजिस्ट मधुकर, अमनदीप शर्मा, पी एंड ओ सुभाष चंद्रा सहित टीम ने दिव्यांगजनों और वृद्धजनों की जांच की। रेडक्रॉस की ओर से शशि भूषण, शीशपाल सिंह सोही, राजकुमार, विजय सिंह, सुनीता शर्मा, जसबीर सिंह, बलविंद्र कुमार, नरेश कुमार और सतप्रकाश सहित समाजसेवकों ने सहयोग किया।
Editor: नितिन यादव



