Yamunanagar News | फुटबॉल अकादमी के लिए चयन ट्रायल : 8 सितंबर को तेजली में आयोजन | 12 से 19 वर्ष के खिलाड़ी लेंगे भाग

खेल विभाग की ओर से जिले में फुटबॉल लड़कों की आवासीय खेल अकादमी के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन ट्रायल 8 सितंबर 2026 को सुबह 9 बजे तेजली खेल परिसर, यमुनानगर के फुटबॉल मैदान में होंगे। खिलाड़ियों का चयन विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार उपनिदेशक खेल, अंबाला मंडल की अध्यक्षता में किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि फुटबॉल आवासीय खेल अकादमी के लिए 12 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर खेल किट में तेजली खेल परिसर पहुंचना होगा।

खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान जरूरी दस्तावेज भी साथ लाने होंगे। इनमें आधार कार्ड की मूल प्रति और फोटो कॉपी, जन्म प्रमाण-पत्र की मूल प्रति और फोटो कॉपी, दसवीं कक्षा के प्रमाण-पत्र की मूल प्रति और फोटो कॉपी तथा परिवार पहचान-पत्र की प्रति शामिल है।
इसके अलावा खिलाड़ियों को दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और अपने शिक्षण संस्थान से जारी बोनाफाइड प्रमाण-पत्र भी साथ लाना होगा। विभाग ने खिलाड़ियों से सभी दस्तावेज पूरे करके आने की अपील की है, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
जिला खेल अधिकारी के अनुसार मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने या प्रतिभागिता करने वाले खिलाड़ियों के साथ राज्य एवं जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का अकादमी में चयन किया जाएगा। चयन की पूरी प्रक्रिया विभाग की निर्धारित शर्तों और दिशा-निर्देशों के अनुसार होगी।
अकादमी के लिए चयनित खिलाड़ियों को आवासीय छात्रावास में रहना अनिवार्य होगा। छात्रावास में खिलाड़ियों के रहने और भोजन की व्यवस्था खेल विभाग की ओर से की जाएगी। हालांकि अकादमी से स्कूल आने-जाने का खर्च संबंधित खिलाड़ी को स्वयं वहन करना होगा।
खेल विभाग ने फुटबॉल में आगे बढ़ने के इच्छुक पात्र खिलाड़ियों से 8 सितंबर को सुबह 9 बजे सभी आवश्यक दस्तावेजों और खेल किट के साथ तेजली खेल परिसर पहुंचकर ट्रायल में हिस्सा लेने की अपील की है।
ट्रायल से संबंधित अधिक जानकारी के लिए फुटबॉल प्रशिक्षक भूपिंद्र सिंह से मोबाइल नंबर 9896104376 पर संपर्क किया जा सकता है।



