Yamunanagar News | शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान : स्कूल परिसर की सफाई | स्वच्छता का लिया संकल्प

शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम और एक सोच नई सोच संस्था के संयुक्त तत्वावधान में झंडा चौक जगाधरी के पास स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। परिसर से एकत्रित कूड़े-कचरे को व्यवस्थित रूप से इकट्ठा कर निस्तारण के लिए भेजा गया।

इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार, एक सोच नई सोच संस्था के संस्थापक शशि गुप्ता और विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद जावेद ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाने के लिए केवल सरकारी स्तर पर प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर जिम्मेदारी निभानी होगी।

स्वच्छ भारत मिशन विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और दैनिक जीवन की आदत होनी चाहिए। नियमित रूप से आसपास सफाई रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने से स्वच्छ वातावरण बनाने में मदद मिलती है।
अभियान के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ वार्ड और स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
Editor: शिवानी राजपूत



